ब्यूरो चीफ वैभव गुप्ता बदायूं
बदायूं जिले के जरीफनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत नगर पंचायत दहगवां में पुरानी रंजिश ने एक युवक की जान पर भारी हमला कर दिया। वार्ड नंबर छह निवासी 18 वर्षीय हंसनैन पुत्र पप्पू कुरैशी पर गांव के ही युवकों ने छुरी से जानलेवा हमला कर दिया।घटना मंगलवार शाम की बताई जा रही है। हंसनैन हाल ही में हैदराबाद से घर लौटा था और शाम को बाजार गया हुआ था। जब वह शुक्रवार के साप्ताहिक बाजार के मैदान में पहुंचा, तभी पहले से मौजूद युवकों ने उसे घेर लिया और लात-घूंसों से पीटना शुरू कर दिया। इसके बाद हमलावरों ने उसके पेट और हाथों पर छुरी से ताबड़तोड़ वार किए।घायल युवक के चाचा मोहम्मद रफीक ने आरोप लगाया कि गांव के ही एक युवक ने अपने तीन साथियों के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया। बताया जा रहा है कि करीब 11 महीने पहले गिल्ली-डंडा खेलते समय विवाद हुआ था, जिसका पंचायत स्तर पर फैसला भी हो चुका था, लेकिन रंजिश अभी तक खत्म नहीं हुई।सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल हंसनैन को दहगवां सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां हालत नाजुक देखते हुए उसे जिला अस्पताल बदायूं रेफर कर दिया गया।फिलहाल पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है और मामले की जांच की जा रही है। गांव में घटना के बाद दहशत का माहौल बना हुआ है।