ब्यूरो रिपोर्ट सुधीर कुमार
थाना भवन/शामली जनपद शामली के थाना भवन क्षेत्र की रहने वाली पायल कश्यप ने कानपुर के मलिक गेस्ट हाउस में आयोजित प्रथम पैरा डॉक्स राष्ट्रीय चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए गोल्ड मेडल जीतकर जनपद का नाम रोशन किया है। इस उपलब्धि के साथ ही उनका चयन आगामी अप्रैल माह में मलेशिया में होने वाली अंतरराष्ट्रीय पैराडॉक्स चैंपियनशिप के लिए हो गया है।कानपुर में आयोजित यह दो दिवसीय राष्ट्रीय चैंपियनशिप थी, जिसमें देश के विभिन्न राज्यों से आए लगभग 120 खिलाड़ियों ने भाग लिया। उत्तर प्रदेश के कई खिलाड़ियों ने भी इस प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। थाना भवन क्षेत्र के गांव लतीफगढ़ की खिलाड़ी पायल कश्यप ने महिला वर्ग में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया और गोल्ड मेडल अपने नाम किया।इस प्रतियोगिता में शामली जनपद के थाना भवन क्षेत्र के गांव भैंसानी की खिलाड़ी भावना ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए तृतीय स्थान हासिल किया एवं ब्रॉन्ज मैडल प्राप्त किया। वही पुरुष वर्ग में अमर नाथ चौहान ने द्वितीय स्थान प्राप्त कर सिल्वर जीता।राष्ट्रीय स्तर पर शानदार सफलता के बाद जब पायल कश्यप अपने निवास स्थान पहुंचीं, तो क्षेत्र में उनका जोरदार स्वागत किया गया। कस्बे के सम्मानित लोगों ने उन्हें माला पहनाकर सम्मानित किया और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।पायल कश्यप और भावना की यह सफलता जनपद शामली और पूरे क्षेत्र के लिए गर्व की बात है। उनकी यह उपलब्धि अन्य युवा खिलाड़ियों को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी।