मैनपुरी – राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार पिछड़ा वर्ग कल्याण एवं दिव्यांगजन सशक्तीकरण, जनपद के प्रभारी मंत्री नरेन्द्र कश्यप ने जनपद भ्रमण के दौरान आज अचानक विकास खंड करहल के ग्राम सिमरऊ के कम्पोजिट विद्यालय, विद्युत उप केंद्र, जल जीवन मिशन के तहत निर्मित ओवरहेड टैंक का निरीक्षण किया। उन्होंने ग्राम के विद्यालय पहुंच विद्यालय के बच्चों की शैक्षिक योग्यता परखी, उपस्थित शिक्षकों से कहा कि बच्चों की शिक्षा पर विशेष ध्यान दें, उन्हें बेहतर शिक्षा के साथ व्यवहारिक ज्ञान देकर संस्कारवान बनाएं, परिषदीय विद्यालय छात्र जीवन की पहली सीढ़ी है यदि इन विद्यालयों में बच्चों को बेहतर शिक्षा मिलेगी, शिक्षक उन्हे बेहतर मार्ग प्रशस्त करेंगे तो यही बच्च्चे भविष्य में समाज, राष्ट्र के निर्माण में अपना बेहतरयोगदान दे सकेंगे। उन्होंने जानकारी करने पर पाया कि विद्यालय में 55 बच्चे पंजीकृत है जिसके सापेक्ष आज 36 छात्र उपस्थित मिले, कक्षा-01 में पंजीकृत 07 के सापेक्ष 06, कक्षा-02 में 03 के सापेक्ष 02, कक्षा-03 में 06 के सापेक्ष 04, कक्षा-04 में 04 के सापेक्ष 01, कक्षा-05 में 04 के सापेक्ष 01, कक्षा-06 में 16 के सापेक्ष 14, कक्षा-07 में 06 के सापेक्ष 04 एवं कक्षा-08 में 13 के सापेक्ष 04 छात्र उपस्थित पाए गए, जिस पर उन्होंने शिक्षकों से कहा कि विद्यालय से अनुपस्थित रहने वाले छात्रों के अभिभावकों से संवाद करें, उन्हें प्रतिदिन बच्चों को विद्यालय भेजने के लिए प्रेरित करें, शिक्षक विद्यालय आने वाले छात्रों के संग मेहनत करें, प्रतिदिन उनकी कॉपियां चेक करें, कॉपी चेक करने में जो गलतियां पायीं जाएं उन्हें दूर किया जाए, स्पेलिंग सुधार कर शब्दकोश बढ़ाने पर ध्यान दें। उन्होंने शिक्षकों से कहा कि परिषदीय शिक्षा के प्रति लोगों का नजरिया बदलने की जिम्मेदारी आपको निभानी है, आप अपने छात्रों के संग अपने ज्ञान को साझा करें, उन्हें कॉन्वेंट विद्यालयों के छात्रों से प्रतिस्पर्धा करने के लिए तैयार करें, परिषदीय विद्यालयों में शिक्षा ग्रहण कर रहे छात्रों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है, बस उन्हें तरासने, दिशा देने की जरूरत है, यही बच्चे बेहतर मार्ग पर चलकर अपने क्षेत्र, गांव का नाम रोशन करेंगे।प्रभारी मंत्री ने जल जीवन मिशन के तहत स्थापित पाइप पेयजल योजना का स्थलीय निरीक्षण करने पर पाया कि ग्राम में 75 किलो लीटर क्षमता की टंकी का निर्माण, पाइप लाइन का कार्य 30 मई 2023 को पूर्ण हो चुका है, गांव में 146 लोगों के घरों में कनेक्शन दिए जा चुके हैं, कनेक्शन धारकों को प्रातः 07 बजे से 09 बजे तक एवं सायं 04 बजे से 06 बजे तक जलापूर्ति की जा रही है, सोलर पैनल के माध्यम से नलकूप का संचालन हो रहा है, जलापूर्ति के संबंध में कोई समस्या नहीं है। उन्होंने ग्राम नि. महेश दुबे के घर जाकर नल के माध्यम से आपूर्ति किए जा रहे स्वच्छ जल की जानकारी गृह स्वामी से लेकर सत्यापन किया। उन्होंने गांव में स्थित विद्युत उप केंद्र का निरीक्षण करते हुए उपस्थित विद्युत कर्मी से जानकारी प्राप्त करने पर पाया कि गांव में 18 घंटे विद्युत आपूर्ति की जा रही है. विद्युत आपूर्ति रोस्टर के अनुसार हो रही है, अभी गांव में नलकूप फीडर अलग नहीं हुआ है. इसी फीडर से निजी नलकूप स्वामियों, ग्रह उपभोक्ताओं को विद्युत की आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है।उन्होंने करहल नगर स्थित मोहल्ला जाटवान पहुंच विगत दिनों हुयी युवती की हत्या पर पीड़ित परिवार के सदस्यों से मिलकर शोक संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा यह घटना दुर्भाग्यपूर्ण है, जो बेटी अपने परिवार का सहारा थी, अपराधियों ने निर्मम हत्या इसलिए कर दी कि वह भारतीय जनता पार्टी को वोट देना चाहती थी, यह लोकतंत्र के लिए दुर्भाग्यपूर्ण है, इस घटना को प्रदेश सरकार ने गंभीरता से लिया है, नामित अपरारियों को पकड़ा जा चुका है, पुलिस विवेचना कर रही है, अपराधी बचेंगे नहीं, कोर्ट के माध्यम से समय से कठोर सजा दिलाई जाएगी, परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत नहीं है, परिवार को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है. परिवार की सुरक्षा को लेकर भी प्रदेश सरकार गंभीर है, पीड़ित परिवार को पूरी सुरक्षा मुहैया कराई जाएगी।निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी अंजनी कुमार सिंह, पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार, मुख्य विकास अधिकारी नेहा बंधु, अधिशासी अभियंता जल निगम अंकित यादव, क्षेत्राधिकारी करहल संतोष कुमार, परियोजना निदेशक सत्येन्द्र कुमार के अलावा जिलाध्यक्ष राहुल चतुर्वेदी, मंडल अध्यक्ष करहल कल्पेन्द्र भारती, सीमा चौहान, ग्राम प्रधान हरेंद्र तोमर आदि उपस्थित रहे।
परिषदीय विद्यालयों के छात्रों में प्रतिभा की कमी नहीं, प्रतिभा को निखारकर सही मार्ग प्रशस्त करने की जरूरत – राज्य मंत्री पिछड़ा वर्ग कल्याण
Sourceरिपोर्ट अवनीश कुमार
RELATED ARTICLES