पांच दिन में नहीं हुई कार्रवाई, डीएनटी महासभा ने थाने पहुंचकर उठाई कार्रवाई की मांग
रिपोर्ट भूदेव प्रेमी
बदायूं मुजरिया। थाना क्षेत्र के ग्राम कोल्हाई में जाहरवीर स्वयं सहायता समूह द्वारा संचालित राशन कोटा की संचालिका संतोष कुमारी से दिनांक 15 दिसंबर को राशन वितरण के दौरान व्यक्ति द्वारा जाति सूचक शब्दो के साथ गाली गलौच व अभद्रता की गई। जिससे राशन वितरण प्रणाली में बाधा उत्पन्न हो गई।उक्त प्रकरण की शिकायत राशन कोटा संचालिका संतोष कुमारी के पति नेत्रपाल सिंह शैलानी पुत्र रामचरन लाल ने थाना प्रभारी को लिखित में देते हुए बताया कि उनकी पत्नी संतोष कुमारी उचित दर विक्रेता के द्वारा मंगलवार को विधिवत राशन वितरण किया जा रहा था तभी गांव का ही राय सिंह पुत्र सियाराम दुकान पर आकर राशन कम देने का आरोप लगाते हुए दलित संचालिका के साथ अभद्रता करने लगा। संचालिका के समझाने पर उसने जाती सूचक शब्दो का प्रयोग करते हुए गंदी गंदी गालिया दी। जिससे राशन वितरण कार्य में बाधा उत्पन्न हो गई। तभी गांव के अलावा अन्य गांव के लोग भी जमा हो गए इसी बीच दुकान के पीछे रहने वाला सतेंद्र सिंह भी सड़क पर आकर संतोष कुमारी को जातिसूचक शब्दो का प्रयोग करते हुए गालियां देने लगा तथा देख लेने की धमकी देते हुए घर में चला गया। संचालिका संतोष कुमारी का कहना है कि राय सिंह अपना अनाज एक दिन पहले ही ले गया था तब उसने कोई बात नहीं की आज दूसरे दिन दुकान पर आकर हमलावर हो गया। जबकि सतेंद्र सिंह विगत कई माह से हमारे परिवार के लोगों के विरुद्ध अलग अलग अधिकारियों से लगभग 100 से अधिक झूठी शिकायतें करता रहा है। जिससे हमारा मानसिक,सामाजिक शोषण एवं उत्पीड़न हो रहा है।नेत्रपाल सिंह सैलानी ने उक्त लोगों से अपने तथा परिजनों के लिए जान माल का खतरा बताते हुए गुटबंद लोगों के विरुद्ध कानूनी कार्यवाही करने की गुहार लगाई है।परन्तु पांच दिन बीत जाने के बाद भी थाना पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। कभी आरोपी लगातार उनको डरा धमका रहे हैं। दलित कोटा संचालिका से अभद्रता के सम्बन्ध में शनिवार को डीएनटी महासभा संगठन के दर्जनों कार्यकर्ता मुजरिया थाना पहुंचे और कार्रवाई की मांग उठाई। प्रदेश अध्यक्ष रंजीत कुमार वाल्मीकि ने कहा कि दलित महिला से अभद्रता और मानसिक, सामाजिक शोषण एवं उत्पीड़न की शिकायत के बाद भी थाना पुलिस द्वारा पांच दिन कार्रवाई न करना और दलित परिवार पर समझौते का दबाव बनाना थाना पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उत्पन्न करता है। इस मौके पर डीएनटी महासभा संगठन के प्रदेश अध्यक्ष रंजीत कुमार वाल्मीकि, प्रांतीय मीडिया प्रभारी शिवा नायक, मंडल अध्यक्ष बरेली नरेंद्र कुमार सिंह, जिला अध्यक्ष मनोज कुमार चौहान,मोहित यादव, नीरज श्रीवास्तव, संजीव कुमार वाल्मीकि, गौरव कुमार, तालेवर सिंह, रमेशचंद्र मौर्य आदि कार्यकर्ता मौजूद रहे। थाना प्रभारी मुजरिया ज्योति सिंह ने बताया कि इस संबंध में एक व्यक्ति रायसिंह का आज शान्ति भंग (151) में चालान किया जा रहा है पर दूसरे व्यक्ति सतेंद्र की अभी गिरफ्तारी नहीं हुई है। हरिजन एक्ट का मामला सीओ लेवल का है इस संबंध में सीओ को प्रार्थना पत्र भेजा जा रहा है जांच के बाद जो आदेश सीओ साहब के द्वारा किया जाएगा कार्रवाई की जाएगी।