रिपोर्ट वैभव गुप्ता बदायूं
बदायूं अलापुर कस्बे के वार्ड नंबर तीन निवासी विकास शर्मा, पुत्र राजीव शर्मा, मंगलवार शाम करीब छह बजे अपनी रिश्तेदारी जगत से मोटरसाइकिल द्वारा घर लौट रहे थे। तभी काजी फिलिंग स्टेशन के पास, नए मंगलवार बाजार के सामने, उसावां की ओर से आ रहे लकड़ियों से भरे एक तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।टक्कर इतनी भीषण थी कि विकास शर्मा सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने तत्काल एंबुलेंस बुलाकर उन्हें बदायूं जिला अस्पताल भिजवाया, जहां डॉक्टरों ने हालत नाजुक बताते हुए उन्हें बरेली के सिद्धिविनायक अस्पताल रेफर कर दिया है।फिलहाल विकास शर्मा की हालत गंभीर बनी हुई है।हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से भागने की कोशिश कर रहा था, लेकिन पुलिस ने ट्रक को शाखानू चौकी पर रोक लिया है। मामले की जांच की जा रही है।स्थानीय लोगों का कहना है कि काजी फिलिंग स्टेशन के पास मंगलवार और शनिवार को लगने वाले साप्ताहिक बाजार के कारण सड़क पर हमेशा भारी भीड़ और अव्यवस्था रहती है। यदि यहां अस्थायी या स्थायी डिवाइडर लगाए गए होते, तो यह हादसा टल सकता था।लोगों का यह भी कहना है कि इससे पहले भी इसी स्थान पर कई बड़े हादसे हो चुके हैं, लेकिन प्रशासन की ओर से अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।अब बड़ा सवाल यह है —क्या इस हादसे के बाद प्रशासन जागेगा?क्या काजी फिलिंग स्टेशन के पास सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होगी?या फिर अगला हादसा किसी और परिवार की खुशियां उजाड़ देगा