रिपोर्ट ब्रजेश पाल सिंह
बरेली–लखनऊ नेशनल हाईवे पर सोमवार दोपहर उस समय हंगामा मच गया, जब फरीदपुर विधानसभा से भाजपा विधायक प्रो. श्याम बिहारी लाल की कार को टोलकर्मियों ने बैरियर खोलने से रोक दिया। करीब 30 मिनट तक गाड़ी टोल प्लाजा पर खड़ी रही, जिससे वहां जाम की स्थिति बन गई और यात्रियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा।सूत्रों के अनुसार, एमजेपी आरयू में इतिहास विभाग में लेक्चर लेने के बाद विधायक अपने फरीदपुर कार्यालय में आवश्यक बैठक के लिए जा रहे थे। जैसे ही उनका काफिला फरीदपुर टोल प्लाजा पहुंचा, टोलकर्मियों ने बैरियर उठाने से इनकार कर दिया। काफी देर इंतजार के बाद विधायक खुद गाड़ी से नीचे उतरे और स्टाफ को परिचय देकर स्थिति स्पष्ट की, लेकिन इसके बावजूद कर्मचारियों ने वाहन को आगे जाने की अनुमति नहीं दी।मामला बढ़ने पर विधायक ने फरीदपुर पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्टाफ को बताया कि विधायक प्रोटोकॉल के तहत टोल मुक्त हैं। इसके बाद बैरियर खोला गया और विधायक को रवाना किया गया।