मैनपुरी – जिलाधिकारी अंजनी कुमार सिंह ने जिला उद्योग बंधु, जिला व्यापारबंधु की बैठक के दौरान उपस्थित व्यापारियों द्वारा नगर के मुख्य मार्गों पर अवैध अतिक्रमण, स्ट्रीट वेंडर, हथठेले वालों के कारण प्रतिदिन लगने वाले जाम की समस्या से निजात दिलाने की मांग पर अधिशासी अधिकारी नगर पालिका को आदेशित करते हुए कहा कि नगर के मुख्य स्थानों पर वेंडिंग जोन चिन्हित कर वहां स्ट्रीट वेंडर, हथठेले वालों को स्थान उपलब्ध करायें, उप जिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी संयुक्त रूप से शहर के मुख्य मार्गो से अवैध अतिक्रमण हटाने हेतु अभियान चलाएं। उन्होंने कहा कि स्ट्रीट वेंडर, हथठेले वालों को नगर पालिका के माध्यम से वेंडिंग जोन चिन्हित कराकर उपर्युक्त स्थान उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने दुकानदारों से कहा कि किसी भी दशा में दुकानों के आगे स्थाई अस्थाई आक्रमण न करें, जल्द ही शहर के मुख्य मार्ग स्टेशन रोड, बस स्टैंड से लेकर तांगा स्टैंड होते हुए बड़े चौराहे तक, तांगा स्टैंड से नगर पालिका तक अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया जाएगा यदि किसी भी दुकान के आगे सड़क पर अस्थाई-स्थाई अतिक्रमण पाया गया तो उस पर भारी जुर्माना लगाकर वसूला जाएगा।श्री सिंह ने बैठक में उपस्थित बैंकर्स से कहा कि विभिन्न लाभार्थीपरक योजना की प्रेषित पत्रावलियों को प्राथमिकता पर स्वीकृत कर लाभार्थियों को ऋण वितरण कराना सुनिश्चित करें। उन्होने एक जनपद-एक उत्पाद योजना की समीक्षा के दौरान पाया कि वार्षिक लक्ष्य 32 के सापेक्ष विभिन्न बैंकों में 147 पत्रावलियां प्रेषित की गयीं, जिसमें से 54 आवेदन पत्रों को स्वीकृत कर 44 पर ऋण वितरण किया जा चुका है, मुख्यमंत्री युवा स्वःरोजगार योजना में वार्षिक लक्ष्य 135 के सापेक्ष 329 आवेदन पत्र बैंकों को प्रेषित किये गये, जिसमें से 135 आवेदन पत्रों को स्वीकृत कर 106 पर ऋण उपलब्ध कराया जा चुका है, मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान में वार्षिक लक्ष्य 1700 के सापेक्ष विभिन्न बैंक शाखाओं में 3879 पत्रावलियां प्रेषित की गयीं, जिनमें से 1277 पत्रावलियों को स्वीकृत कर 1161 पर ऋण वितरण किया गया। उन्होने कहा कि बैंकर्स, संबंधित अधिकारी शिक्षित युवाओं को स्वतः रोजगार स्थापित कर उन्हें स्वावलंबी बनाने की दिशा में कार्य करें, अधिकारी आपस में समन्वय स्थापित कर उद्योगों के संचालन में आने वाली कठिनाइयों का निदान प्राथमिकता पर करें, किसी भी उद्यमी को उद्योगों के संचालन में असुविधा का सामना न करना पड़े, निवेश मित्र पोर्टल पर कोई आवेदन निर्धारित समय-सीमा के उपरांत लंबित न रहे।बैठक में मुख्य विकास अधिकारी नेहा बंधु, प्रभागीय निदेशक सामाजिक वानिकी संजय कुमार मल्ल, क्षेत्राधिकारी नगर संतोष कुमार, जिला पूर्ति अधिकारी रमन मिश्रा, जिला समाज कल्याण अधिकारी अशोक कुमार, जिला आबकारी अधिकारी हितेन्द्र शेखर, अधिशाषी अभियंता विद्युत अनिल कुमार वर्मा, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका बुद्धि प्रकाश सहित अन्य सम्बन्धित अधिकारी, विभिन्न बैंकों के शाखा प्रबंधक, उद्यमी लक्ष्मी नारायण तापड़िया, विनय गुप्ता, घनश्याम दास गुप्ता, अमित अग्रवाल, राज कुमार गुप्ता, अनिल अग्रवाल, मनमोहन गुप्ता, प्ता, प्रदीप सागर, नीरज बैजल, उत्तम गुप्ता, धीरू राठौर, राघव तापड़िया, अजय दुबे, सानू चौहान, शफी मंसूरी आदि उपस्थित रहे, बैठक का संचालन उपायुक्त उद्योग उत्कर्ष चन्द ने किया।