मैनपुरी जिलाधिकारी अंजनी कुमार सिंह ने संपूर्ण समाधान दिवस से अनुपस्थित अधिशाषी अभियंता वि़द्युत, जिला कार्यक्रम अधिकारी, उप खंड अधिकारी विद्युत किशनी का वेतन रोकते हुये कहा कि सम्बन्धित जिला स्तरीय अधिकारी सम्पूर्ण समाधान दिवस में निर्धारित समय पर उपस्थित होना सुनिश्चित करें, बिना पूर्व अनुमति के यदि कोई अधिकारी अनुपस्थित पाया गया तो सम्बन्धित के विरूद्ध कठोरतम कार्यवाही होगी। उन्होने उप जिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी, अधिशाषी अधिकारी नगर निकाय को आदेशित करते हुए कहा कि नगर के मुख्य चौराहों के आस-पास कहीं भी सड़क के किनारे अनाधिकृत कब्जे न रहे, अभियान चलाकर मुख्य मार्गाे, चौराहों से अतिक्रमण हटाए जाएं। उन्होंने कहा कि भूमि सम्बन्धी विवादों में त्वरित गति से कार्यवाही की जाये, भूमि विवाद यथा संभव मौके पर जाकर निबटाएं जाऐं, किसी भी क्षेत्र में सार्वजनिक भूमि पर अनाधिकृत कब्जे न रहे, जबरन कब्जा करने वालों के विरूद्ध दंडात्मक कार्यवाही हो। उन्होने असंतोष व्यक्त करते हुये कहा कि एक बार सीमांकन, पैमाइश के बाद पुनः कब्जों की शिकायतें लगातार प्राप्त हो रहीं है, पुनः कब्जा करने वालों को भू-माफिया में चिन्हित कर उसके विरूद्ध एफ.आई.आर. दर्ज कराकर वैद्यानिक कार्यवाही की जाये, पैमाइश, सार्वजनिक भूमि पर अनाधिकृत कब्जों की शिकायतों पर राजस्व, पुलिस की संयुक्त टीम मौके पर जाकर प्रभावी कार्यवाही करे, भू-माफियाओं, दबंग प्रवत्ति के व्यक्तियों में प्रशासन का खौफ दिखे। संपूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर तहसील किशनी में जन-शिकायतें सुनने के दौरान जिलाधिकारी के सम्मुख हरिसिंह पुर नि. सुनील कुमार ने अपने शिकायती प्रार्थना पत्र के माध्यम से बताया कि किशनी क्षेत्र जटपुरा से हरिसिंह पुर तक आवागमन को सुगम बनाने हेतु बम्बे की पटरी पर रखी हुयी मिट्टी को हटवाया जाये या नीलामी की कार्यवाही की जाये, जिस पर उन्होने अधिशाषी अभियंता सिंचाई को आदेशित करते हुये कहा कि प्रकरण की जांच कर, 15 दिवस के अंदर नियमानुसार मिट्टी की नीलामी कराना सुनिश्चित करें ताकि आवागमन में आमजन को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े, ग्राम सकरामपुर नि. रघुनन्दन सिंह ने बताया कि पट्टाशुदा भूमि पर दंबगों द्वारा अनाधिकृत रूप से कब्जा कर खेत की मेड को तोड़ा जा रहा है, जिस पर उन्होने उप जिलाधिकारी को प्रकरण का स्थलीय निरीक्षण, अभिलेखों की जॉच कर 07 दिवस के अंदर नियमानुसार कार्यवाही करने के निर्देश दिये। आज जन-सुनवाई के दौरान किशनी क्षेत्र के 78 शिकायतकर्ताओं ने अपने शिकायती प्रार्थना पत्र जिलाधिकारी के सम्मुख प्रस्तुत किये, जिसमें से 11 शिकायतों का मौके पर ही निदान कर शिकायतकर्ता को राहत प्रदान की, ग्राम भरतपुर नि. ग्रीश चन्द्र, राकेश कुमार, लाखन सिंह, गोरेलाल, उदय भान, अखलेश कुमार आदि ने अपने शिकायती प्रार्थना पत्र के माध्यम से बताया कि खेत की सिंचाई के लिए पानी की निकासी हेतु पाइप लाइन बिछायी गयी थी, किन्तु गुण्डा किस्म के व्यक्तियों नेे रात्रि के समय पाइप लाइन को पूर्ण रूप से ध्वस्त कर दिया गया है, ग्राम पतारा नि. अनूप राठौर ने भूमि की पैमाइश कराने, ग्राम हिन्दूपुर नि. रमेश चन्द्र ने चबूतरे पर रखे वि़द्युत ट्रॉसफार्मर को दूसरे स्थान पर स्थापित कराये जाने, ग्राम ढंढौस नि. तारावती ने भूमि पर किये गये अनाधिकृत कब्जे को हटवाने, ग्राम समान नि. रामऔतार ने सरकारी चकरोड पर किये गये अनाधिकृत कब्जे को हटवाये जाने की मांग अपने प्रार्थना पत्रों के माध्यम से की जिन्हें सम्बन्धित अधिकारियों को पृष्ठाकिंत कर निस्तारण हेतु उपलब्ध कराया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक गणेश प्रसाद शाहा, मुख्य चिकित्साधिकारी डा. आर.सी. गुप्ता, उप जिलाधिकारी गोपाल शर्मा, क्षेत्राधिकारी सत्य प्रकाश शर्मा, परियोजना निदेशक सतेंद्र कुमार, उप कृषि निदेशक नरेंद्र त्रिपाठी, जिला समाज कल्याण अधिकारी अशोक कुमार, अग्रणी जिला प्रबंधक रामचंद्र शाहा, जिला विद्यालय निरीक्षक सतीश कुमार, अधिशाषी अभियंता लोक निर्माण ए.के अरूण, अधिशाषी अभियंता जल निगम अंकित यादव, तहसीलदार किशनी घासीराम, नायब तहसीलदार पुष्पेन्द्र सिंह सहित अन्य अधिकारी आदि उपस्थित रहे।