रिपोर्ट गोपीनाथ रावत
अयोध्या।जिलाधिकारी चंद्र विजय सिंह की अध्यक्षता में आगामी दिनांक 30 मार्च 2025 से प्रारंभ हो रहे अयोध्या में चैत्र रामनवमी मेला-2025 को सकुशल सम्पन्न कराने हेतु मेले की पूर्व तैयारी के सम्बन्ध में विभागीय अधिकारियों के साथ आवश्यक बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में आहूत की गयी। जिलाधिकारी ने बैठक के दौरान सभी विभागाध्यक्षों को निर्देश दिए कि चैत्र राम नवमी मेले के लिए निर्धारित किए गए कार्यों को समय पर पूर्ण कराना सुनिश्चित करें तथा मेला प्रारंभ होने से पूर्व सभी व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करें। उन्होंने कहा कि परिक्रमा मार्ग पर जिन विभागों के निर्माण कार्य चल रहे हैं उनको मेला प्रारंभ होने से पूर्व पूर्ण करना सुनिश्चित करें तथा मेला क्षेत्र परिक्रमा मार्ग आदि प्रमुख स्थलों पर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए प्रकाश, पेयजल, शौचालय, चिकित्सा सुविधा आदि की पर्याप्त मात्रा में व्यवस्था सुनिश्चित करें। उन्होंने चैत्र राम नवमी मेले के दौरान अयोध्या आने वाले श्रद्धालुओं के मनोरंजन व ज्ञानवर्धन हेतु विशेष कल्चरल प्रोग्राम व सांस्कृतिक कार्यक्रम के आयोजन हेतु पर्यटन/संस्कृति विभाग को निर्देश दिए।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राज करण नय्यर ने बैठक के दौरान बताया कि चैत्र रामनवमी मेले के लिए सुरक्षा की दृष्टि से पर्याप्त मात्रा में पुलिस वालों की तैनाती की जा रही है। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए जगह-जगह पर पुलिस विभाग व जिला प्रशासन द्वारा मेले के दौरान श्रद्धालुओं को सभी प्रकार की सहायता प्रदान की जाती है।अपर जिलाधिकारी नगर/मेलाधिकारी सुलिल कुमार पटेल ने चैत्र रामनवमी मेला के लिए तैयार की गई कार्य योजना का बिंदुवार विवरण प्रस्तुत किया गया। उन्होंने बताया कि सरयू नहर खंड, सिंचाई विभाग, नगर निगम, वन विभाग, पशु चिकित्साधिकारी, विद्युत विभाग, स्वास्थ्य विभाग, खाद्य सुरक्षा, परिवहन विभाग आदि को कार्य योजना के अनुसार कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं, जो समय पर पूर्ण कर लिए जाएंगे। इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी, पुलिस अधीक्षक नगर, सहित संबंधित विभाग के अधिकारी गण व मेला सहायक कौशल श्रीवास्तव उपस्थित रहे।