अयोध्या (ब्यूरो रिपोर्ट) जिले के बीकापुर विकास खण्ड परिसर में जल जीवन मिशन के अंतर्गत ग्रामीण पेयजल आपूर्ति योजना के तहत महत्वपूर्ण घटकों की जानकारी के लिए विकासखंड सभागार में शुक्रवार को प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला का शुभारंभ ब्लॉक प्रमुख दिनेश कुमार वर्मा ने किया। प्रशिक्षण के दौरान जल जीवन मिशन के उद्देश्य और महत्व को बताया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए ब्लाक प्रमुख दिनेश कुमार वर्मा द्वारा बताया गया कि स्वच्छ जल की आपूर्ति के लिए योजना काफी महत्वपूर्ण है। आने वाले समय में लोगों को शुद्ध स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने तथा जल संकट से निजात दिलाने के लिए योजना शुरू की गई है। इसका लाभ निकट भविष्य में आने वाली पीढ़ियों और देशवासियों को मिलेगा। प्रशिक्षण कार्यक्रम में ग्राम प्रधानों, पंचायत सहायक, एव स्वयं सहायता समूह के सक्रिय सदस्यों द्वारा प्रशिक्षण लिया गया। संचालन सहायक विकास अधिकारी आईएसबी बद्रीनाथ पांडेय ने किया। इस मौके पर सहायक विकास अधिकारी पंचायत धनजीत, ग्राम पंचायत अधिकारियों के अलावा ग्राम पंचायत के पंचायत कर्मी शामिल रहे। खंड विकास अधिकारी हरिश्चंद्र सिंह ने बताया कि तीन दिवसीय प्रशिक्षण का आयोजन किया गया है। शुक्रवार को पहले बैच का प्रशिक्षण संपन्न हुआ। शेष बचे प्रधानों और पंचायत कर्मियों का दूसरे और तीसरे बैच में प्रशिक्षण कराया जाएगा।