रिपोर्ट वैभव गुप्ता
बदायूं जनपद से इस वक्त की सबसे बड़ी और दिल दहला देने वाली खबर सामने आ रही है, जहां शादी की खुशियां कुछ ही पलों में मातम में बदल गईं। वजीरगंज थाना क्षेत्र के गांव उंरैना से ग्रामीण ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार होकर उघैती थाना क्षेत्र के टेहरा गांव में भात की रस्म में शामिल होने जा रहे थे। परिवार में उत्सव का माहौल था, लेकिन रास्ते में हुआ एक भीषण सड़क हादसा तीन जिंदगियां लील गया।सिद्ध बरौलिया गांव के पास सहसवान की ओर से आ रहे एक अन्य ट्रैक्टर से आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भयावह थी कि ट्रॉली के परखच्चे उड़ गए और उसमें बैठे लोग सड़क पर जा गिरे। कई लोग ट्रॉली के नीचे दब गए। मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के ग्रामीण तुरंत सहायता के लिए दौड़ पड़े।सूचना मिलते ही डायल 112 और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। ग्रामीणों की मदद से घायलों को बाहर निकाला गया और एंबुलेंस के जरिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिसौली भेजा गया। डॉक्टरों के अनुसार 10 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हैं, जिन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया है।फिलहाल तीन लोगों की मौत की आधिकारिक पुष्टि हो चुकी है। मृतकों और घायलों के नामों की पुष्टि की प्रक्रिया जारी है। हादसे के बाद दूसरे ट्रैक्टर का चालक वाहन मौके पर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने दोनों ट्रैक्टरों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है और फरार चालक की तलाश में दबिश दी जा रही है।प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है। जिस घर में शादी की रस्में निभाई जानी थीं, वहां अब सन्नाटा पसरा हुआ है। पूरे इलाके में शोक की लहर है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी है।