रिपोर्ट वैभव गुप्ता
बदायूँ। प्रदेश में अघोषित आपातकाल चल रहा है। भाजपा लोकतंत्र और संविधान की हत्या कर रही है। उक्त बातें कांग्रेस जिलाध्यक्ष अजीत यादव ने आज बदायूँ में अपने आवास पर पुलिस प्रशासन द्वारा नजरबंद कर लखनऊ विधानसभा घेराव में जाने से रोकने पर कहीं।उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा योगी सरकार के कुशासन, भ्रष्टाचार , मंहगाई,बेरोजगारी और मनरेगा को खत्म किए जाने के खिलाफ 17फरवरी को विधानसभा घेराव का ऐलान किया गया है। कांग्रेस जिलाध्यक्ष अजीत यादव और जिला कांग्रेस कमेटी के सभी पदाधिकारियों व कांग्रेसजनों को सोमवार शाम 8बजे नेकपुर स्थित जिला कांग्रेस कार्यालय से एकत्रित होकर लखनऊ जाना था। इसकी भनक मिलने पर सिविल लाइंस थाना प्रभारी हरेंद्र सिंह, कचहरी पुलिस चौकी इंचार्ज चमन गिरी ने पुलिस बल के साथ लखनऊ जाने से पहले ही शाम को कांग्रेस जिलाध्यक्ष अजीत यादव को उनके आवास पर नजरबंद कर लिया। कांग्रेस जिलाध्यक्ष अजीत यादव ने पुलिस द्वारा नजरबंद किए जाने और विधानसभा घेराव में लखनऊ जाने से रोकने की कार्यवाही को लोकतंत्र की हत्या बताया। कहा कि प्रदेश में पुलिसराज चल रहा है। जनता के संवैधानिक अधिकारों का दमन किया जा रहा है । आरोप है कि योगी सरकार मंहगाई,बेरोजगारी रोकने में विफल साबित हुई है। किसानों को खाद बीज और फसलों के वाजिब दाम सरकार नहीं दे सकी। दलित पिछड़े समाज के आरक्षण को योगी सरकार खत्म कर रही है। मनरेगा को खत्म कर भाजपा ने ग्रामीण मजदूरों गरीबों के पेट पर लात मारने का काम किया है। कहा कि जनता में आक्रोश है 2027के विधानसभा चुनाव में सूबे की जनता योगी सरकार को सत्ता से उखाड़ फेंकेगी।कांग्रेस जिलाध्यक्ष के साथ कांग्रेस जिला सचिव राजवीर यादव , यूथ कांग्रेस नेता रजत यादव , सोशल मीडिया जिलाध्यक्ष नवनीत यादव, सुरेंद्र सिंह आदि कांग्रेस नेता मौजूद रहे।