अमानीगंज-अयोध्या क्षेत्र के घटौली पूरे चिन्ता दूबे गांव में गुरुवार को विशाल कलश शोभा यात्रा के साथ श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ का शुभारंभ हुआ। कथा व्यास आचार्य सुरेश शुक्ल जी महाराज ने श्रद्धालुओं को पहले दिन श्रीमद्भागवत कथा के महात्मय का रसपान कराया। कथा के जनजागरण के लिए गाजे-बाजे के साथ कथा पाण्डाल से कलश यात्रा निकाली गई। मंगल कलश सिर पर धारण किए हुए महिलाएं मंगलगीत गाते हुए यात्रा में शामिल हुई। कलश यात्रा गांव के देवस्थानों से होते हुए जन्मेजय कुण्ड पहुंची, जहां पर आस्तीक मंदिर पर विधि-विधान से पूजन के उपरांत कलश में जल भरा गया। आचार्य ने यज्ञ मंडप में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजन कर कलश स्थापना कराई। इस अवसर पर मुख्य यजमान राजकुमार दूबे, शिवकुमार दूबे, प्रताप नारायण दूबे, शिव विशाल शुक्ला, कमलेश पाठक, राम सरन वर्मा, संतोष मौर्या आदि प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।