रिपोर्ट वैभव गुप्ता
बदायूं जिले से इस वक्त की बड़ी और सनसनीखेज खबर सामने आ रही है।थाना मूसाझाग क्षेत्र के ग्राम सेंजनी स्थित एक एलपीजी प्लांट में गुरुवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया, जब एक युवक ने प्लांट के अंदर घुसकर दो अधिकारियों पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इस घटना में दोनों अधिकारी गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।पुलिस के मुताबिक यह घटना गुरुवार दोपहर करीब 1:30 बजे की है। बताया जा रहा है कि ग्राम सेंजनी थाना मूसाझाग निवासी अजय प्रताप सिंह, पुत्र राजेश कुमार सिंह, उम्र लगभग 34 वर्ष, अचानक प्लांट के अंदर पहुंच गया और वहां मौजूद दो अधिकारियों पर गोली चला दी।गोली लगने से सुधीर गुप्ता, उम्र 58 वर्ष, निवासी बी-1 वृंदावन रेजिडेंसी, बरेली और हर्षित मिश्रा, उम्र 34 वर्ष, निवासी मोहल्ला साहूकारा थाना पूरनपुर, जनपद पीलीभीत गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही मूसाझाग पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को उपचार के लिए सीएचसी दातागंज भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।घटना की सूचना मिलते ही प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों में भी हड़कंप मच गया। मौके पर एडीजी बरेली जोन रामीत शर्मा, डीआईजी बरेली परिक्षेत्र अजय कुमार साहनी समेत कई वरिष्ठ अधिकारी पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जानकारी ली। इसके अलावा जिलाधिकारी बदायूं अवनीश राय, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. बृजेश कुमार सिंह और अपर पुलिस अधीक्षक नगर विजेंद्र द्विवेदी भी मौके पर मौजूद रहे।पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी अजय प्रताप सिंह को गिरफ्तार कर लिया है और मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।वहीं इस पूरे मामले में लापरवाही सामने आने पर थाना मूसाझाग के प्रभारी निरीक्षक अजय कुमार और हल्का प्रभारी उप निरीक्षक धर्मेंद्र कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। यह कार्रवाई क्षेत्राधिकारी उझानी डॉ. देवेंद्र कुमार की रिपोर्ट के आधार पर की गई है।फिलहाल पूरे मामले की जांच क्षेत्राधिकारी नगर रजनीश कुमार उपाध्याय को सौंपी गई है और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की विभागीय कार्रवाई की जाएगी।फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है और घटना के पीछे की वजह जानने की कोशिश में जुटी हुई है।