रिपोर्ट ब्यूरो चीफ इमरान अली
बरेली। दिसंबर के महीने में एक नर्सिंग छात्रा की बर्थडे पार्टी में घुसकर उसके मुस्लिम दोस्तों सग मारपीट करने वाले ऋषभ ठाकुर को बरेली से जिला बदर कर दिया गया है। ऋषभ ठाकुर 24 घंटे पहले ही जेल से बाहर आया था। बाहर आते ही बरेली पुलिस ने ऋषभ ठाकुर को 6 महीने के लिए जिला बदर का आदेश सौंपा और जिले की सीमा से बाहर ले जाकर छोड़ दिया। ऋषभ ठाकुर खुद को गऊ रक्षक और बजरंग दल से जुड़ा हुआ नेता बताता था, लेकिन बर्थडे में बवाल वाली घटना के बाद संगठन ने बयान जारी किया कि उसे पहले ही निष्कासित किया जा चुका है।ऋषभ ठाकुर ने बीती 16 जनवरी को ही कोर्ट में सरेंडर किया था। सरेंडर करने के बाद कोर्ट ने उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया था। न्यायिक हिरासत खत्म होने के बाद बुधवार को ऋषभ जेल से बाहर आया और इसके बाद पुलिस ने उसे जिला बदर का आदेश थमा दिया। पुलिस ऋषभ को लेकर बरेली जिले की सीमा पर पहुंची और उसे बदायूं के बॉर्डर पर छोड़ दिया। ऋषभ को हिदायत दी गई कि 6 महीने तक वह बरेली की सीमा में प्रवेश नहीं करेगा।