अमानीगंज अयोध्या*खंडासा थाना क्षेत्र के सिड़सिड़ गांव में सोमवार-मंगलवार की रात आग की चपेट में आने से भूसा, गेहूं, विद्युत मोटर, साइकिल आदि गृहस्थी जल गई। ग्रामीणों की मदद से आग पर काबू पाया गया। सिड़सिड़ गांव निवासी अजय कुमार तिवारी के घर के पास स्थित भूसैल में देर रात करीब दो बजे अचानक आग लग गई। आग की लपटें उठती देख पड़ोसी विन्दर गौड़ ने घर के लोगों को जगाया और आग की सूचना दी। जब अजय तिवारी और उनके परिजन मौके पर पहुंचे, तो देखा कि पूरा भूसैल आग की लपटों में घिर चुका है। अंदर रखा गेहूं और भूसा जलकर राख हो गया था, वहीं पास में रखी मोटर और साइकिल भी पूरी तरह जल गई, तथा ट्रैक्टर का कुछ हिस्सा भी जल गया है। पीड़ित अजय तिवारी ने बताया कि आग लगने से पहले भूसे के बाहर रखा गेहूं गायब था, जिससे घटना पर संदेह जताया जा रहा है। आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है, उन्होंने थाने में अज्ञात व्यक्ति के विरुद्ध आग लगा देने की शिकायत दी है। उप निरीक्षक महेंद्र कुमार ने बताया कि छानबीन की जा रही है।