अयोध्या पूर्व प्रधानमंत्री और भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती के अवसर पर 25 दिसंबर की संध्या अयोध्या साहित्य और काव्य रस से सराबोर होगी। इस अवसर पर पूर्व सांसद लल्लू सिंह के संयोजन में जीआईसी मैदान में राष्ट्रीय कवि सम्मेलन आयोजित किया जा रहा है, जिसमें देशभर से ख्यातिप्राप्त कवि अपनी रचनाओं के माध्यम से अटल जी को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे।पूर्व सांसद लल्लू सिंह ने बताया कि यह कवि सम्मेलन केवल एक सांस्कृतिक आयोजन नहीं, बल्कि अटल बिहारी वाजपेयी के बहुआयामी व्यक्तित्व को स्मरण करने का साहित्यिक माध्यम है। अटल जी कुशल राजनीतिज्ञ होने के साथ-साथ ओजस्वी वक्ता, संवेदनशील कवि, पत्रकार और प्रखर साहित्यकार थे। उनकी कविताएं आज भी युवाओं में राष्ट्रप्रेम, शौर्य और आत्मविश्वास का संचार करती हैं।कवि सम्मेलन में डा.सुनील जोगी, जमुना उपाध्याय, विनीत चौहान, डा.विष्णु सक्सेना, डा.अनु सपन, प्रियांशु गजेन्द्र, रुचि चतुर्वेदी, अनिल चौबे, अभिसार गीता शुक्ला, लोकेश त्रिपाठी अपनी काव्य प्रस्तुतियां देंगे।आयोजन को लेकर जर्मन हैंगर से विशेष पंडाल तैयार किया जाएगा, जहां ठंड से बचाव के लिए हीटर और अलाव की व्यवस्था रहेगी। शाम छह बजे से शुरू होने वाले इस कार्यक्रम में थ्रीडी साउंड सिस्टम के माध्यम से कविताओं की प्रस्तुति को और प्रभावी बनाया जाएगा। जिले के प्रबुद्धजन, संत समाज और जनप्रतिनिधियों को भी कार्यक्रम में आमंत्रित किया जा रहा है।