मैनपुरी– अन्तर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव सुदिती ग्लोबल एकेडमी, में 19 नवंबर 2025 से 30 नवंबर 2025 तक स्कूल सिनेमा के सहयोग से भव्य अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव 2025 का आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास, रचनात्मकता, जीवन-मूल्यों और सकारात्मक सोच को बढ़ावा देने के उद्देश्य से किया जा रहा है। सुदिती द्वारा किए गए इस प्रयास को जनपद मैनपुरी के लिए एक गौरवपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है, क्योंकि पहली बार जनपद में बच्चों के लिए इतना बड़ा और सार्थक फिल्म महोत्सव आयोजित होने जा रहा है।इस महोत्सव में विश्व के अनेक देशों से चुनी गई 100 से अधिक प्रेरक, शिक्षाप्रद और मूल्यपरक फिल्मों का प्रदर्शन किया जाएगा। प्रत्येक फिल्म का चयन बच्चों की भावनात्मक समझ, जीवन-दृष्टि, नैतिक मूल्यों, आत्मविश्वास, संवेदनशीलता और नेतृत्व क्षमता के विकास को ध्यान में रखकर किया गया है। विद्यार्थियों को उन फिल्मों को देखने का अवसर मिलेगा जो वास्तविक जीवन की परिस्थितियों, संघर्षों, सफलताओं, मानवीय मूल्यों और सामाजिक संदेशों पर आधारित हैं। फिल्मों के माध्यम से बच्चों को सीखने, समझने और अपने व्यक्तित्व को निखारने का अवसर प्राप्त होगा।यह फिल्म महोत्सव मैनपुरी जनपद के सभी सीबीएसई संबद्ध विद्यालयों के विद्यार्थियों के लिए पूर्णतः खुला है। सभी विद्यालयों को आमंत्रित किया गया है कि वे अपने विद्यालय से 40 विद्यार्थियों का समूह शिक्षक के साथ निर्धारित तिथि और समय पर सुदिती ग्लोबल एकेडमी भेजें। प्रत्येक विद्यालय को समय-सारणी, तिथियाँ, प्रवेश निर्देश और आवश्यक जानकारी पहले ही भेज दी गई है, ताकि सभी बच्चे सुव्यवस्थित और सुरक्षित वातावरण में फिल्में देख सकें।महोत्सव की घोषणा के अवसर पर सुदिती ग्लोबल एकेडमी की प्रशासनिक प्रधानाचार्य डॉ. कुसुम मोहन ने प्रेरणादायक संबोधन देते हुए कहा कि सुदिती सदैव शिक्षा को जीवन से जोड़ने में विश्वास रखती है। फिल्में बच्चों के हृदय और मस्तिष्क पर गहरी छाप छोड़ती हैं। वे न केवल मनोरंजन का माध्यम हैं, बल्कि मूल्य, अनुशासन, साहस, संवेदनशीलता और जीवन की सच्चाइयों को समझने का सर्वाेत्तम साधन भी हैं। इस अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव के माध्यम से हम चाहते हैं कि बच्चे नई सोच, सकारात्मक विचारों और सशक्त दृष्टिकोण के साथ आगे बढ़ें।उन्होंने आगे कहा कि हमने इस महोत्सव को सभी सीबीएसई विद्यालयों के विद्यार्थियों के लिए खोल दिया है। यह अवसर सिर्फ सुदिती का नहीं, बल्कि पूरे जनपद के बच्चों का है। हमारा उद्देश्य है कि हर बच्चा इस आयोजन से प्रेरणा लेकर अपने जीवन में ज्ञान, संवेदना और सकारात्मकता को अपनाए। हमें आशा है कि मैनपुरी के सभी विद्यालय इस महत्वपूर्ण पहल में उत्साहपूर्वक भाग लेंगे।उन्होंने यह भी बताया कि फिल्म प्रदर्शन के बाद विद्यार्थियों के लिए चिंतन और अभिव्यक्ति सत्र भी आयोजित किए जाएँगे, जिनमें वे अपने विचार साझा कर सकेंगे, फिल्मों के संदेशों पर चर्चा कर सकेंगे और यह समझ सकेंगे कि उन्हें अपने जीवन में कैसे लागू किया जा सकता है।सुदिती ग्लोबल एकेडमी द्वारा किया जा रहा यह आयोजन शिक्षा को केवल पुस्तकों तक सीमित न रखकर, उसे जीवन से जोड़ने का एक अनूठा और सफल प्रयास माना जा रहा है। इस महोत्सव से न केवल विद्यार्थियों को प्रेरणा मिलेगी, बल्कि उन्हें अपने भविष्य को संवारने की दिशा में एक नई ऊर्जा और मार्गदर्शन भी प्राप्त होगा।